Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : मां-बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी, सड़क किनारे मिला बेटे का शव, घर के बंद कमरे में मिली शिक्षिका मां की लाश

शुक्रवार से लापता थे मां-बेटे, अलग-अलग जगहों पर मिले शव; पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

CG Crime : मां-बेटे की संदिग्ध मौत से सनसनी, सड़क किनारे मिला बेटे का शव, घर के बंद कमरे में मिली शिक्षिका मां की लाश
X

CG Crime : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जयनगर थाना क्षेत्र में पहले 18 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिला, वहीं कुछ घंटे बाद उसकी शिक्षिका मां का शव घर के बंद कमरे से बरामद हुआ। शुक्रवार से लापता मां-बेटे के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

सड़क किनारे मिला 18 वर्षीय युवक का शव

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मृतक की पहचान केशवनगर निवासी सजल बरेठ (18) के रूप में हुई है। पुलिस को युवक की स्कूटी केशवनगर में नायरा पेट्रोल पंप के पास मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।

शाम को घर के बंद कमरे में मिली मां की लाश

युवक की मौत की जांच के बीच शनिवार देर शाम एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। केशवनगर स्थित छत्तीसगढ़ ढाबा के पीछे ममता कॉलोनी में किराए के मकान के बंद कमरे से सजल की मां रजनी बरेठ का शव बरामद हुआ। रजनी बेलटिकरी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। बताया गया है कि उनका अपने पति से तलाक हो चुका था।

एक ही परिवार के मां-बेटे की अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, दोनों की मौत के बीच क्या संबंध है और घटना के पीछे क्या कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए जयनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया। टीम ने बंद कमरे सहित अन्य स्थानों से फिंगरप्रिंट और भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता लगाने में मदद मिल सकती है।

जनप्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच की मांग की

घटना की जानकारी मिलने पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच का आश्वासन दिया।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मां-बेटे की मौत के पीछे की असल वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire