Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : तीन दिन से लापता बच्ची का झाड़ियों में मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

कोरबा के रजगामार क्षेत्र में करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला 7 वर्षीय मासूम का शव, अनाचार की आशंका पर भी जांच जारी; फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड जुटा रहे साक्ष्य।

CG Crime : तीन दिन से लापता बच्ची का झाड़ियों में मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
X

CG Crime : कोरबा। जिले में तीन दिन से लापता सात वर्षीय बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची का शव गुरुवार को रजगामार क्षेत्र में करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है। अनाचार की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची के पिता करीब चार महीने पहले परिवार के साथ मजदूरी करने के लिए रजगामार आए थे। बताया गया कि 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू उपयोग का सामान लेने निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली। करीब तीन दिन बाद बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला।

मामले में पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया है। सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। अनाचार की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire