Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : प्रेमिका से शादी की बात बनी खूनी विवाद की वजह, मंगेतर की आंखों में मिर्च डालकर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग के जामुल थाना क्षेत्र में आधार कार्ड मांगने को लेकर हुआ विवाद, युवक की आंखों में मिर्च डालकर धारदार हथियार से किया हमला, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

CG Crime : प्रेमिका से शादी की बात बनी खूनी विवाद की वजह, मंगेतर की आंखों में मिर्च डालकर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
X

CG Crime : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर शुरू हुआ विवाद जानलेवा हमले तक पहुंच गया। आरोप है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ पहुंचे उसके मंगेतर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में जामुल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। अमित कुमार बंजारे ने जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। किरण ने अमित से विवाह करने के लिए आधार कार्ड की जरूरत बताते हुए दीपक से आधार कार्ड मांगा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान दीपक गुप्ता ने अमित को नया मकान दिखाने के बहाने शिवपुरी क्षेत्र की ओर चलने को कहा। वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने अमित की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के बीच अमित और किरण ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर किया गया।

घटना की शिकायत पर जामुल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त कर लिया। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष), निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire