Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : जुगेसर में महिला की बेरहमी से हत्या, सीमेंट पोल से सिर पर किया हमला, आरोपी फरार

मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में खून से लथपथ मिला 26 वर्षीय महिला का शव, मौके से सीमेंट पोल के टुकड़े बरामद, FSL और डॉग स्क्वॉड ने शुरू की जांच

CG Crime : जुगेसर में महिला की बेरहमी से हत्या, सीमेंट पोल से सिर पर किया हमला, आरोपी फरार
X

CG Crime : आरंग। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर में एक 26 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। महिला का शव गांव में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

मृतका की पहचान बसंती निषाद (26) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के सिर पर सीमेंट के पोल से हमला किया गया। घटनास्थल से पुलिस को खून से सने सीमेंट पोल के दो टुकड़े मिले हैं। आशंका है कि इन्हीं से वार कर महिला की हत्या की गई।

बताया जा रहा है कि सुबह ग्रामीणों की नजर महिला के लहूलुहान शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।

गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के साथ FSL टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से संभावित वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात किसने और किस वजह से की।

अज्ञात आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके साथ ही मृतका के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के कारण और आरोपी की पहचान को लेकर हर संभावित पहलू की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire