Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : पत्नी को प्रेमी के साथ देख भड़का पति, चाकू से गला रेतकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

गौरेला के जेपी एग्रोटेक मिल के पीछे झाड़ियों में मिला था महिला का शव, पुलिस पूछताछ में पति ने कबूली वारदात; हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद

CG Crime : पत्नी को प्रेमी के साथ देख भड़का पति, चाकू से गला रेतकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
X

CG Crime : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के औद्योगिक क्षेत्र अंजनी स्थित जेपी एग्रोटेक मिल के पीछे झाड़ियों में महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद पति ने गुस्से में उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति सुमित यादव को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले एक महिला चरवाहे ने जेपी एग्रोटेक मिल के पीछे झाड़ियों में महिला का शव पड़ा देखा था। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने जांच शुरू की। मृतका की पहचान बिहार निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई। बताया गया कि लक्ष्मी पिछले करीब सात वर्षों से अपने पति सुमित यादव और दो बच्चों के साथ मिल के लेबर रूम में रह रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को महिला के गले पर चोट के निशान मिले। शुरुआती जांच में गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई। पुलिस ने मृतका के पति से पूछताछ की, लेकिन उसके बयान लगातार बदलते रहे। जवाबों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का संदेह पति पर गहराता गया।

पुलिस के अनुसार, महिला के अंतिम संस्कार के बाद आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने वारदात कबूल की। आरोपी ने पुलिस को बताया कि रात करीब 2 बजे उसने अपनी पत्नी को प्रेमी जितेंद्र मंडल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद गुस्से में उसने जितेंद्र को दौड़ाया, लेकिन वह मौके से भाग गया।

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी भी जान बचाने के लिए झाड़ियों में जाकर छिप गई थी। आरोपी ने उसे तलाश कर झाड़ियों से बाहर निकाला और चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद वह वापस लेबर रूम पहुंचा और घटना को छिपाते हुए सामान्य तरीके से काम करता रहा।

पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire