Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : पत्नी की मौत को बीमारी बताने की कोशिश, जांच में खुला हत्या का राज, पति गिरफ्तार

धमधा के ग्राम अगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत की जांच में सिर पर चोट के निशान मिले, शॉर्ट पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि; पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया

CG Crime : पत्नी की मौत को बीमारी बताने की कोशिश, जांच में खुला हत्या का राज, पति गिरफ्तार
X

CG Crime : सोमनाथ साहू, दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि महिला की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि उसके पति द्वारा हत्या किए जाने से हुई थी। पुलिस ने आरोपी पति त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच त्रिलोक खांडे और उसकी पत्नी अन्नू खांडे के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने खाट पर बैठी अन्नू के सिर पर कई बार मुक्के मारे और फिर उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने के लिए पत्नी की मौत को पुरानी बीमारी से जोड़ने की कोशिश की। वह अन्नू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। नवविवाहिता की मौत होने के कारण एसडीएम को सूचना दी गई और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। इस दौरान महिला के सिर पर चोट के निशान मिले।

शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को होमिसाइडल यानी हत्या जनित बताया गया। इसके बाद पुलिस ने पति से पूछताछ शुरू की, जिसमें दोनों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद की जानकारी सामने आई। जांच में यह भी पता चला कि 21 फरवरी 2026 को दोनों तलाक के लिए धमधा न्यायालय पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार, अन्नू को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी, जिसकी शिकायत जामुल थाने में दर्ज कराई गई थी। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस ने त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की गई है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire