CG Crime : युवती पर एसिड अटैक का 8 घंटे में खुलासा, प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर रची थी साजिश
बालोद में CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला मामला, कथित प्रेमी समेत दो आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल एसिड और कपड़े बरामद

CG Crime : बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती के प्रेमी यश कुमार सोनकर ने अपने दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची थी। दोनों आरोपियों की उम्र 20 वर्ष बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। जांच की दिशा युवती के प्रेमी यश कुमार सोनकर की ओर गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शुरुआत में यश ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने साजिश की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले यश ने अपने स्कूल फ्रेंड करण के साथ मिलकर युवती पर एसिड अटैक की योजना बनाई थी। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा था और गणेश झांकी के दौरान हमला करने की तैयारी की थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते उस समय वारदात नहीं कर सके। इसके बाद 5 अक्टूबर को मौका पाकर करण ने युवती पर एसिड फेंक दिया।
यश से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यश ने बताया कि युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने और शादी के लिए तैयार नहीं होने को लेकर वह नाराज था। हालांकि, पुलिस की जांच में सामने आए इन बयानों की पुष्टि आगे की विवेचना में होगी।
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण के मुताबिक, आरोपियों ने एसिड दुर्ग से खरीदा था। एसिड बेचने वाले की भूमिका की भी जांच की जा रही है और नियमों के तहत उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दोनों आरोपी बीजापुर में साथ पढ़ाई करते थे और उनकी पुरानी दोस्ती थी।
बालोद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं या युवतियों को परेशान करने, पीछा करने या धमकी देने जैसी घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


