Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : नकली सोना गिरवी रखकर 8.25 लाख की ठगी, महिला समेत 3 गिरफ्तार

दुर्ग के सहेली आर्म्स में 84.880 ग्राम नकली जेवर असली बताकर गिरवी रखे, 8.25 लाख रुपये नकद लेकर की ठगी; पुलिस ने चार मोबाइल और नकली आभूषण किए जब्त

CG Crime : नकली सोना गिरवी रखकर 8.25 लाख की ठगी, महिला समेत 3 गिरफ्तार
X

CG Crime : दुर्ग। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने नकली सोने के जेवरात को असली बताकर गिरवी रखने और 8.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 84.880 ग्राम नकली सोने के आभूषण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक मामला श्री शिवम मॉल स्थित सहेली आर्म्स से जुड़ा है। भोईपारा निवासी पवन कुमार जैन ने 4 अक्टूबर को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 28 और 30 सितंबर को एक महिला और पुरुष नकली सोने के जेवर लेकर पहुंचे थे। दोनों ने आभूषणों को असली सोना बताकर गिरवी रखा और इसके बदले कुल 8 लाख 25 हजार रुपये नकद हासिल किए।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू की टीम ने तकनीकी जानकारी और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने रमेश कुमार (35), निवासी शिवानंद नगर रायपुर और मीनाक्षी बाघ (39), निवासी कादंबरी नगर दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों की घटना में भूमिका सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।



पूछताछ में सामने आया तीसरे आरोपी का नाम

जांच के दौरान पुलिस को नकली जेवर उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने राजेश अग्रवाल (45), निवासी कबीर नगर रायपुर की पतासाजी की। पूछताछ में मामले से उसका जुड़ाव सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है। मामले में पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने नकली सोने के जेवरों के जरिए अन्य लोगों या संस्थानों के साथ भी इसी तरह की ठगी तो नहीं की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 84.880 ग्राम नकली सोने के आभूषण और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire