Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का अपहरण कर UPI से लूट, चार आरोपी गिरफ्तार, नकद जब्त

पुसौर में चाकू की नोक पर प्रोफेसर को बनाया बंधक, डिजिटल ट्रांजेक्शन से रकम ऐंठी; ₹99,100 नकद बरामद

CG Crime : डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का अपहरण कर UPI से लूट, चार आरोपी गिरफ्तार, नकद जब्त
X

CG Crime : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर का अपहरण कर चाकू की नोक पर लूटपाट करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रोफेसर को बंधक बनाकर मारपीट की और मोबाइल के जरिए डिजिटल पेमेंट एप के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 99,100 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

इवनिंग वॉक के दौरान प्रोफेसर को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला निवासी डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास टहल रहे थे। थकान होने पर वह सड़क किनारे डबरी के पास एक माइलस्टोन पर बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और पकड़कर डबरी की ओर ले गए।

आरोप है कि आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन व छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें मोटरसाइकिल से दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट की गई और मोबाइल फोन का पासवर्ड हासिल कर लिया गया।

Google Pay और BHIM UPI से ट्रांसफर कराई रकम

जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, आरोपियों ने प्रोफेसर से Google Pay और BHIM UPI एप के पासवर्ड हासिल किए। इसके बाद एक महिला के खाते का QR कोड मंगवाकर अलग-अलग डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए रकम ट्रांसफर कराई गई। आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन भी करवाया, ताकि परिजनों को किसी अनहोनी का शक न हो।

हालांकि, फोन पर बातचीत के दौरान परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई और ग्राम पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी प्रोफेसर को छोड़कर फरार हो गए।

24 घंटे के भीतर पहली गिरफ्तारी, फिर पकड़े गए तीन आरोपी

रायगढ़ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील सारथी को घटना के 24 घंटे के भीतर सारंगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके छोटे भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत और ग्राम औरदा निवासी दिनेश सारथी की तलाश तेज की।

पुलिस टीम ने दबिश और घेराबंदी कर तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अपहरण कर रुपये ऐंठने की योजना बनाई थी।फिलहाल चारों आरोपियों से जुड़े साक्ष्यों और जब्त सामान के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire