Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : 8 साल की मासूम के अपहरण से मचा हड़कंप, पुलिस की घेराबंदी देख समोदा पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भागे आरोपी

आरंग के बालाजीपुरम कॉलोनी से लापता हुई बच्ची को पुलिस ने समोदा के पास सकुशल बरामद किया, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

CG Crime : 8 साल की मासूम के अपहरण से मचा हड़कंप, पुलिस की घेराबंदी देख समोदा पेट्रोल पंप के पास छोड़कर भागे आरोपी
X

CG Crime : रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के आरंग में 8 वर्षीय मासूम के अपहरण का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस की सख्त नाकेबंदी और लगातार तलाश के दबाव में आरोपी बच्ची को समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मासूम को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

साइकिल चलाने निकली थी बच्ची, फिर नहीं लौटी घर

जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने परिवार के साथ बालाजीपुरम कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। उसकी मां एक अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत हैं, जबकि पिता मेडिकल स्टोर में काम करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बच्ची घर से साइकिल चलाने निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मामले की सूचना आरंग पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। संभावित रास्तों और सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी की गई। साथ ही कॉलोनी और मुख्य मार्गों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए और संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी गई।

पुलिस के दबाव में बच्ची को छोड़कर भागे आरोपी

पुलिस की लगातार घेराबंदी और तलाशी अभियान के बीच आरोपी बच्ची को आरंग क्षेत्र के समोदा स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्ची को अपनी सुरक्षा में लिया। चिकित्सकीय जांच के बाद उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

रायपुर ग्रामीण के ASP अभिषेक झा के मुताबिक, बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। अपहरण में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire