Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : किसान नेता की बाइक की डिक्की से 44 हजार पार, CCTV में कैद हुई वारदात

धमतरी के गोल बाजार में बैंक से पैसे निकालकर सब्जी लेने पहुंचे थे लीलाराम साहू, टोपी पहने संदिग्ध ने डिक्की से बैग उड़ाया, पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी

CG Crime : धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में उठाईगिरी की एक घटना सामने आई है, जहां एक शातिर चोर ने किसान नेता की बाइक की डिक्की से नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग पार कर दिया। बैग में 44 हजार रुपये नकद रखे थे। वारदात गोल बाजार इलाके में हुई, जहां आरोपी की हरकत दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

बैंक से पैसे निकालकर सब्जी लेने पहुंचे थे किसान नेता

जानकारी के अनुसार, किसान नेता लीलाराम साहू बैंक से पैसे निकालने के बाद गोल बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग अपनी बाइक की डिक्की में रखा था। इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर डिक्की से बैग निकाल लिया और वहां से फरार हो गया।

टोपी पहने आरोपी ने मौका पाकर दिया वारदात को अंजाम

घटना के सामने आए CCTV फुटेज में टोपी पहने एक संदिग्ध व्यक्ति आसपास का मुआयना करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह बाइक की डिक्की से बैग निकालकर वहां से चला जाता है। वारदात की जानकारी होते ही पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश

यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बैग ले जाते हुए एक संदिग्ध दिखाई दिया है। पुलिस उसकी पहचान करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire