CG Crime : 36 भरे सिलेंडर पर चोरों ने किया हाथ साफ, तीन दिन में 8 आरोपी गिरफ्तार
भिलाई में खड़ी गाड़ी से चोरी हुए थे 36 भरे इंडेन सिलेंडर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा और चोरी का माल व वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया.

CG Crime : दुर्ग। भिलाई में खड़ी मालवाहक गाड़ी से 36 भरे इंडेन गैस सिलेंडर चोरी होने के मामले में पुलिस ने महज तीन दिन में कार्रवाई करते हुए गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किया गया है।
मामला साक्षरता चौक कैंप-01 के पास सर्विस रोड का है। 18 सितंबर को यहां खड़ी महिंद्रा मैक्सेमो प्लस से 36 भरे सिलेंडर गायब हो गए थे। अगले दिन घनश्याम कुर्रे ने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने प्रमोद देवांगन को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने चोरी में शामिल होने की बात बताई। उसने बताया कि चोरी किए गए सिलेंडरों में से 16 को जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे रखा गया था, जबकि 20 सिलेंडर 2-2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिए गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 सिलेंडर बरामद किए। वहीं बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से वारदात में इस्तेमाल वाहन और 5 अन्य सिलेंडर भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है।
मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन, सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


