Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Accident : अनियंत्रित ट्रेलर बिजली खंभे को तोड़कर घर में घुसा, 3 बाइक और सामान जलकर राख

रायगढ़-रायपुर मार्ग पर देर रात हुआ हादसा, ट्रेलर में आग लगने से घर और आसपास मची अफरा-तफरी, चालक ने कूदकर बचाई जान

CG Accident : अनियंत्रित ट्रेलर बिजली खंभे को तोड़कर घर में घुसा, 3 बाइक और सामान जलकर राख
X

CG Accident : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के खरसिया में देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पहले बिजली के खंभे से टकराया और फिर घर में जा घुसा। ट्रेलर में लोहे की छड़ें लदी हुई थीं। टक्कर के बाद वाहन में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते घर के बाहर खड़ी तीन मोटरसाइकिलों और घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा खरसिया के रायगढ़ चौक रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेलर रायगढ़ से रायपुर की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर बिजली के खंभे को तोड़ते हुए घर में जा घुसा। टक्कर के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।

जिस घर में ट्रेलर घुसा, वहां परिवार के लोग उस वक्त सो रहे थे। जोरदार टक्कर और आग लगने के बावजूद परिवार के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकल गए और सुरक्षित बच गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेलर, तीन बाइक और घर का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं, ट्रेलर चालक ने भी वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर अनियंत्रित क्यों हुआ और आग कैसे भड़की, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद सामने आएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire