Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Accident : मासूम को स्कूल ले जाने वाली बस बनी काल, हादसे में छात्रा की मौत

सोनहत में स्कूल जाने निकली दूसरी कक्षा की छात्रा बस की चपेट में आई, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

CG  Accident : मासूम को स्कूल ले जाने वाली बस बनी काल, हादसे में छात्रा की मौत
X

CG Accident : कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली मासूम छात्रा प्रिंसि की अपनी ही स्कूल संस्था की बस की चपेट में आने से मौत हो गई। बच्ची स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन बस में बैठने से पहले ही हादसे का शिकार हो गई।

घटना सोनहत थाना क्षेत्र की धनपुर बस्ती की बताई जा रही है। प्रिंसि सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा थी। जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी।

इसी दौरान स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजन व आसपास के लोग बच्ची को तत्काल इलाज के लिए लेकर निकले।

घायल प्रिंसि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और स्कूल बस से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire