Top
Begin typing your search above and press enter to search.

त्योहारी सीजन में भूलकर भी न खरीदें ऐसी मिठाइयां, यहां गंदगी के बीच बन रहे थे पेड़े-लड्डू, मदर डेयरी के एक्सपायरी दूध से बन रहा था पनीर

Bhilai Durg Food Raid Expired Paneer: भिलाई-दुर्ग में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई। एक्सपायरी दूध से पनीर और भारी गंदगी के बीच बन रहीं मिठाइयों का भंडाफोड़। 2500 किलो मिठाई और 1000 लीटर दूध नष्ट, लाइसेंस सस्पेंड।

त्योहारी सीजन में भूलकर भी न खरीदें ऐसी मिठाइयां, यहां गंदगी के बीच बन रहे थे पेड़े-लड्डू, मदर डेयरी के एक्सपायरी दूध से बन रहा था पनीर
X

भिलाई/दुर्ग। त्योहारी सीजन में ग्राहकों की सेहत से किस तरह खिलवाड़ किया जा रहा है, इसका एक डरावना सच भिलाई-दुर्ग में सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के तीन बड़े डेयरी और मिठाई प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। जांच के दौरान जो खुलासे हुए, वे होश उड़ाने वाले हैं।

यहां न सिर्फ एक्सपायरी दूध से पनीर और दही बनाया जा रहा था, बल्कि भारी गंदगी के बीच पेड़े, लड्डू और सोनपापड़ी तैयार हो रही थी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने करीब 2500 किलो अमानक मिठाइयां और 1000 लीटर सड़ा हुआ दूध मौके पर नष्ट कराया।

मदर डेयरी के एक्सपायरी दूध से बन रहा था पनीर

नियंत्रक सह आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सबसे चौंकाने वाला मामला नंदिनी रोड स्थित मां दुर्गा डेयरी का मिला। यहां घोर गंदगी के बीच पनीर और दही का उत्पादन किया जा रहा था।

जांच में खुलासा हुआ कि पनीर बनाने के लिए मदर डेयरी के जिस दूध का इस्तेमाल हो रहा था, उसकी एक्सपायरी डेट 21 अक्टूबर ही निकल चुकी थी। टीम ने मौके पर 1000 लीटर एक्सपायरी दूध और 80 किलो दही नष्ट कराया। इसके साथ ही डेयरी को सील करने और लाइसेंस निलंबित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

अमानक रंग और एक्सपायरी डेट वाले पैकेट

छापेमारी के दौरान अन्य प्रतिष्ठानों में भी बड़े पैमाने पर अनियमितताएं मिलीं। गुप्ताजी लड्डू हाउस (कैंप-2) में जांच के दौरान पता चला कि यहां करीब 250 किलो मैदे के लड्डुओं में अमानक रंग और संदेहास्पद स्वीटनिंग एजेंट का इस्तेमाल किया जा रहा था।

वहीं बैकुंठधाम के मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स में भारी गंदगी के बीच पेड़ा, सोनपापड़ी और मैसूर पाक जैसी मिठाइयां बनाई जा रही थीं, जिन्हें बिना लेबल वाले प्लास्टिक जार में पैक किया जा रहा था। टीम ने यहां करीब 200 किलो पेड़ा, 1020 किलो सोनपापड़ी और 70 किलो मैसूर पाक समेत अन्य सामग्री नष्ट कराई।

जांच के दौरान वैशाली नगर के जलाराम नमकीन एंड डेयरी में अजीबोगरीब मामला सामने आया। बिस्किट के पैकेटों पर पैकिंग की तारीख 1 नवंबर 2026 दर्ज थी, जबकि छापेमारी 23 अक्टूबर को ही हुई थी यानी पैकेटों पर 9 दिन आगे की फर्जी तारीख छापी गई थी। विभाग ने इसे गंभीर धोखाधड़ी मानते हुए मामला न्यायालय में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

राजधानी रायपुर में भी मिल चुके हैं सड़े हुए कॉकरोच

त्योहारी सीजन के कुछ दिन पहले ही राजधानी रायपुर में भी ऐसी ही कार्रवाई हुई थी। 17 अक्टूबर को तेलीबांधा की तीन मिठाई दुकानों में मिठाइयों पर मरे हुए कॉकरोच, कीड़े और बाल रेंगते मिले थे, जबकि चाशनी में फफूंद पाई गई थी। तब भी 150 किलो मिठाइयां और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire