Balodabazar Mahanadi Flood: बलौदा बाजार में महानदी के किनारे बाढ़ के हालात, SDRF की नावों से 120 लोगों को किया गया सुरक्षित रेस्क्यू
Balodabazar Mahanadi Flood: बलौदाबाजार में लगातार बारिश और महानदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन और SDRF ने अब तक 120 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है।

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में लगातार बारिश के बीच महानदी का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पलारी, सिमगा और कसडोल क्षेत्र से लोगों के बाढ़ में फंसे होने की सूचनाएं सामने आने के बाद प्रशासन और SDRF की टीमें लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं।
प्रशासन के मुताबिक, अब तक 120 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया है। वहीं, अलग-अलग इलाकों से रेस्क्यू की मांग सामने आने के बाद SDRF की टीमें दो नावों के जरिए लगातार बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
इन इलाकों से 120 लोगों को निकाला गया
बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन और आपदा राहत टीमों की सक्रियता से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। जानकारी के अनुसार, कसडोल के बल्दाकछार से 38 लोगों, पलारी के अमेठी से 44 लोगों, मोहान से 23 लोगों और सिमगा के गणेशपुर से 15 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
महानदी का जलस्तर बढ़ने के कारण नदी किनारे बसे इलाकों में लगातार सतर्कता बरती जा रही है।
दो नावों से SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन
अलग-अलग स्थानों से लगातार मिल रही रेस्क्यू की मांग के बीच SDRF के जवान दो नावों के जरिए बचाव अभियान चला रहे हैं। महानदी में तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
टीमें जरूरत के मुताबिक प्रभावित इलाकों तक पहुंचने और लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं। प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बाढ़ को लेकर कंट्रोल रूम शुरू
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम शुरू किया है। बाढ़ से संबंधित किसी भी तरह की सहायता, सूचना, बचाव या राहत कार्य के लिए 07727-222454 पर संपर्क किया जा सकता है। फिलहाल प्रशासन और SDRF की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रखते हुए राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।


