Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Balodabazar Tiger Puggmarks: बलौदाबाजार के चरोदा जंगल में मिले बाघ के पगचिन्ह, वन विभाग ने की पुष्टि

Balodabazar Tiger Puggmarks: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के चरोदा जंगल में बाघ की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। बार अभ्यारण्य अधीक्षक ने पगचिन्ह मिलने की पुष्टि की है, जिसके बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।

Balodabazar Tiger Puggmarks: बलौदाबाजार के चरोदा जंगल में मिले बाघ के पगचिन्ह, वन विभाग ने की पुष्टि
X

बलौदाबाजार/पिथौरा। छत्तीसगढ़ के पिथौरा से करीब 12 किलोमीटर दूर बलौदाबाजार जिले के चरोदा जंगल क्षेत्र में बाघ के पगचिन्ह मिलने से इलाके में हड़कंप के साथ-साथ वन्यजीव प्रेमियों में उत्सुकता बढ़ गई है। बार अभ्यारण्य के अधिकारियों ने इस क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, नियमित गश्त के दौरान बार अभ्यारण्य के ग्राम चरोदा स्थित कक्ष क्रमांक 112 में बाघ के ताजे पगचिन्ह मिले। वन्यजीव विशेषज्ञों ने भी इन पगचिन्हों का बारीकी से निरीक्षण कर इनके बाघ के होने की पुष्टि की है।

इसके साथ ही, पास के देवपुर वन परिक्षेत्र में भी गश्ती टीम द्वारा पगचिन्ह देखे जाने की सूचना सामने आई है। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों के बीच देवपुर क्षेत्र में एक सांभर के शिकार किए जाने की चर्चा भी गर्म है, जिस पर फिलहाल वन विभाग की आधिकारिक मुहर लगना बाकी है।

अफसरों को दी गई सूचना, क्षेत्र में निगरानी

मामले की गंभीरता को देखते हुए बार अभ्यारण्य अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर और रेंजर रूपेश्वरी दीवान ने बाघ के पगचिन्ह मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस बात की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

वन विभाग की टीमें संभावित खतरे और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार इलाके की मॉनिटरिंग कर रही हैं। ग्रामीणों और आसपास के लोगों को भी जंगल क्षेत्र में सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि वन्यजीव और इंसानों के बीच किसी तरह का टकराव न हो।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire