Ashwini Vaishnaw: 12 अक्टूबर को रायपुर आएंगे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, RPF स्थापना दिवस समारोह को लेकर तैयारियां तेज
Raipur News: रेल मंत्री के दौरे से पहले स्टेशन से आयोजन स्थल तक तैयारियां तेज, RPF परेड की रिहर्सल जारी

रायपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वे रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF के 42वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। रेल मंत्री के आगमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रेलवे स्टेशन से लेकर आयोजन स्थल तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम चल रहा है।
परेड की रोजाना हो रही रिहर्सल
समारोह को लेकर RPF जवानों की परेड की रोजाना रिहर्सल कराई जा रही है। रेल मंत्री परेड और तैयारियों का निरीक्षण भी करेंगे। इसके लिए रेलवे और RPF के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। आयोजन स्थल पर मंच, मैदान और आवागमन से जुड़ी तैयारियां भी तेजी से पूरी की जा रही हैं।
स्टेशन पर लिफ्ट लगाने का काम तेज
रेल मंत्री के दौरे से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन पर भी निर्माण कार्य जारी है। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर नए फुटओवर ब्रिज के लिए लिफ्ट लगाने का काम चल रहा है। क्रेन के जरिए प्लेटफॉर्म की ओर काम किए जाने से यात्रियों के आवागमन की जगह प्रभावित हुई है। ट्रेन आने के समय भीड़ बढ़ने पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आयोजन स्थल तक बदला जा रहा माहौल
खमतराई ब्रिज के दोनों ओर पर्दादारी की गई है और गुमटियों व ठेलों को बंद कराया गया है। DRM कार्यालय से लेकर आयोजन स्थल तक साज-सज्जा का काम जारी है। खमतराई ओवरब्रिज के दोनों तरफ रंगीन पर्दे लगाने के लिए बांस-बल्लियां लगाई गई हैं। रेलवे इंस्टीट्यूट के पास से रेल मंत्री के मंच तक मैदान में सीसी रोड का काम पूरा हो चुका है, जबकि ग्राउंड के चारों ओर मुरम की सड़कें तैयार की जा रही हैं।
RPF बैंड ने शहर में बांधा देशभक्ति का रंग
RPF स्थापना दिवस समारोह को लेकर शहर में भी माहौल बनाया जा रहा है। RPF की बैंड पार्टी अलग-अलग स्थानों पर प्रस्तुतियां दे रही है। मंगलवार को भाठागांव बस स्टैंड में जवानों ने लोकप्रिय और देशभक्ति गीतों की धुनें पेश कीं। बैंड की प्रस्तुति सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग रुके और जवानों का उत्साह बढ़ाया।


