Ambikapur News: जेल अधिकारी H1N1 से संक्रमित, इलाज के लिए रायपुर रेफर, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
Ambikapur News: सरगुजा सेंट्रल जेल से जुड़े एक अधिकारी में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। रायपुर में इलाज जारी, परिवार स्वस्थ और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट।

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का एक मामला सामने आया है। अंबिकापुर सेंट्रल जेल से जुड़े एक अधिकारी के H1N1 वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जिले में निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के मुताबिक, जेल अधिकारी अपने परिवार के साथ कांकेर गए थे। इसी दौरान उन्हें बुखार, सर्दी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई। प्रारंभिक इलाज के बाद H1N1 की जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
परिवार के सभी सदस्य स्वस्थ
मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता के मुताबिक, अधिकारी के H1N1 संक्रमित होने की जानकारी मिली है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि संक्रमण उन्हें सरगुजा में रहते हुए हुआ या रायपुर-कांकेर प्रवास के दौरान।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अधिकारी के परिवार की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग पूरी कर ली है। परिवार के सभी सदस्य स्वस्थ हैं और किसी में भी स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं पाए गए हैं। फिलहाल सरगुजा जिले में इस अधिकारी के अलावा H1N1 का कोई अन्य पॉजिटिव मरीज सामने नहीं आया है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, आइसोलेशन की व्यवस्था
मामला सामने आने के बाद सरगुजा स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। गंभीर मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संदिग्ध मरीजों पर नजर रखने के साथ जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं। फिलहाल अंबिकापुर की वायरोलॉजी लैब में H1N1 की जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में संदिग्ध मरीजों के सैंपल जांच के लिए रायपुर भेजे जाएंगे।
मेडिकल कॉलेज में एंटी वायरल दवाओं की कमी
नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में फिलहाल स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए आवश्यक एंटी वायरल दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इस संबंध में CGMSC को जानकारी दी गई है और दवाओं की व्यवस्था कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बुखार और सांस संबंधी लक्षण होने पर कराएं जांच
सरगुजा के CMHO डॉ. पीएस मार्को ने लोगों को लगातार बुखार रहने, सर्दी ठीक नहीं होने या सीने में जकड़न जैसी शिकायत होने पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू की समय पर पहचान होने पर इसका उपचार किया जा सकता है। ऐसे में लगातार बने रहने वाले लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।


