Raipur City Crime : ज्वेलर्स की दीवार में छेद कर लाखों रूपए के जेवर किया पार, मास्टरमाइंड सहित 2 गिरफ्तार
CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज, रेकी के बाद दो चरणों में दिया वारदात को अंजाम; 14.51 लाख का माल बरामद, एक आरोपी फरार

Raipur City Crime : रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने ज्वेलर्स की दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण पार किए थे। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, घटना का मास्टरमाइंड विशाल सचदेव है। उसने अपने साथी सूरज ढीमर और एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की और फिर दो चरणों में वारदात को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया था। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात दोबारा मौके पर पहुंचकर छेद को बड़ा किया और दुकान के अंदर दाखिल होकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास के CCTV कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली जानकारी और पुराने चोरी के मामलों में शामिल संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पूछताछ में विशाल सचदेव ने बताया कि उसने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू करने के लिए कर्ज लिया था। फैक्ट्री में नुकसान होने के बाद आर्थिक परेशानी के चलते उसने चोरी की योजना बनाई और अपने साथियों को इसमें शामिल किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 14.51 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। इसमें करीब 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, 3.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण जिसकी कीमत करीब 7.91 लाख रुपये है, 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार व बिना नंबर की एक्टिवा शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल सचदेव (38) निवासी रायपुर और सूरज ढीमर (32) निवासी जबलपुर, वर्तमान पता महासमुंद के रूप में हुई है। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले में गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 430/26 के तहत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।


