CG Crime : परिचित युवक ने दोस्तों के साथ मिलकर नाबालिग से किया गैंगरेप, चार आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई वारदात, देर रात तक घर नहीं लौटी थी नाबालिग; तलाश के दौरान कोरर इलाके में मिली, पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ा

CG Crime : कांकेर। जिले में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक परिचित युवक नाबालिग को अपने साथ बाहर ले गया, जहां उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नाबालिग के देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान नाबालिग को कोरर इलाके में लावारिस हालत में बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग परिचित युवक के साथ बाहर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।


