Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : लिफ्ट लेने की कोशिश बनी मौत की वजह, विवाद में युवक को मारा चाकू, इलाज के दौरान मौत

भिलाई के नेहरू नगर चौक पर स्कूटी सवार युवकों से हुआ विवाद, चाकू से हमले में गंभीर घायल शिव कुमार सिंह ने अस्पताल में तोड़ा दम

CG Crime : लिफ्ट लेने की कोशिश बनी मौत की वजह, विवाद में युवक को मारा चाकू, इलाज के दौरान मौत
X

CG Crime : दुर्ग। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में शनिवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नेहरू नगर चौक पर लिफ्ट लेने की कोशिश कर रहे एक युवक पर स्कूटी सवार युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने रविवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिव अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान संचालित करता था।

जानकारी के मुताबिक, शिव ने पहले चौक से गुजर रहे एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद उसने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर दो युवक और एक युवती सवार थे। विवाद के दौरान एक युवक ने शिव की बाईं जांघ में चाकू मार दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शिव मौके पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से अंडरब्रिज की ओर होते हुए टाउनशिप की तरफ फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घायल शिव को तत्काल हाईटेक अस्पताल लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। घटना के समय शिव के साथ मौजूद युवक आरोपियों के वाहन का नंबर नहीं देख सका था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ CCTV फुटेज की मदद से उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire