Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या, दोनों गिरफ्तार

राजनांदगांव के चिचोला में हादसा दिखाने की रची थी साजिश, सिर पर पत्थर मारकर की गई थी हत्या, पुलिस ने CDR और पूछताछ के आधार पर खोला राज

CG Crime : अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझी, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर कराई पति की हत्या, दोनों गिरफ्तार
X

CG Crime : राजनांदगांव। चिचोला पुलिस ने एक संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। वारदात के बाद हत्या को हादसे का रूप देने की कोशिश भी की गई।

सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला था शव

मामला ग्राम महाराजपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास का है। मृतक प्रेमलाल साहू का शव एनएच-53 के किनारे एक गड्ढे में पड़ा मिला था। उसके चेहरे और सिर पर चोट के निशान थे, जबकि पास ही खून से सना एक बड़ा मुरूम पत्थर भी मिला था। मृतक के भाई ओमप्रकाश साहू की सूचना पर चिचोला पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने घटना के हर संभावित पहलू की बारीकी से पड़ताल की।

CDR और पूछताछ से खुला हत्या का राज

पुलिस ने परिजनों और गवाहों से पूछताछ के साथ मोबाइल CDR और लोकेशन की भी जांच की। जांच के दौरान पुलिस को दो लोगों पर संदेह हुआ। इसके बाद ग्राम पटपर निवासी नरबद साहू (40) और मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू (27) से कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने प्रेमलाल के सिर पर पत्थर मारकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire