Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Police Suspend : रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होते ही दो दरोगा सस्पेंड, SSP की सख्त कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो सब इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया है।

CG Police Suspend : रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होते ही दो दरोगा सस्पेंड, SSP की सख्त कार्रवाई
X

CG Police Suspend : दुर्ग। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में कथित रिश्वतखोरी के आरोपों ने दुर्ग पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। आरोपी पक्ष से पैसे मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो सब इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया है।

निलंबित अधिकारियों में पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ एसआई तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाना में पदस्थ एसआई देव लाल साहू शामिल हैं। दोनों अधिकारियों को निलंबन के बाद रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक महिला को 5.80 ग्राम चिट्टा (मादक पदार्थ) के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान महिला को छोड़ने के एवज में उसके परिजनों से 50 हजार रुपए की मांग की गई। महिला की बेटी ने आरोप लगाया कि उसने प्रारंभिक तौर पर 20 हजार रुपए दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में भी पैसों की मांग जारी रही।

इसी दौरान हुई बातचीत का एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। ऑडियो के सार्वजनिक होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मामले ने तूल पकड़ लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल ने छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा को जांच सौंपी है। उन्हें तीन दिनों के भीतर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

दुर्ग शहर एएसपी सुखनंद राठौर ने बताया कि वायरल ऑडियो की प्रारंभिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया गंभीर प्रतीत हुआ, जिसके आधार पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी किया गया है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire