Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Teacher Suspended : स्कूल में शराब पार्टी करना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही दो शिक्षक निलंबित

Teacher Suspended : स्कूल में शराब पार्टी करना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होते ही दो शिक्षक निलंबित
X

Teacher Suspended : गरियाबंद। जिले में सरकारी स्कूल परिसर में शराब पार्टी करने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के दो शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।



जानकारी के अनुसार, मैनपुर विकासखंड स्थित स्कूल के शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के भीतर बैठकर शराब पीते और चखना करते दिखाई दे रहे थे। वहीं, उस दौरान स्कूल परिसर में छात्र-छात्राएं मौजूद थे और नियमित पढ़ाई प्रभावित होने की बात भी सामने आई।

वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शिक्षा विभाग ने पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।



निलंबन आदेश के मुताबिक, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच अभी जारी है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire