Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Sukma News : जंगल में मिला नक्सलियों का डंप, हथियार-गोला बारूद का बड़ा जखीरा बरामद

भण्डारपदर के जंगल में सर्चिंग के दौरान SLR, BGL लॉन्चर, AK-47 के जिंदा राउंड समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री जब्त

Sukma News : जंगल में मिला नक्सलियों का डंप, हथियार-गोला बारूद का बड़ा जखीरा बरामद
X

Sukma News : सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। भेज्जी थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया है। डंप से ऑटोमेटिक हथियारों के साथ बड़ी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

संयुक्त टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में 24 अगस्त को जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया। यह अभियान भेज्जी थाना क्षेत्र के भण्डारपदर और मुनुरकोंडा के पहाड़ी-जंगल इलाके में संचालित किया गया। इसी दौरान भण्डारपदर के जंगल में सुरक्षा बलों को संदिग्ध डंप के बारे में जानकारी मिली।

हथियारों के साथ भारी मात्रा में सामग्री बरामद

डंप की तलाशी लेने पर सुरक्षा बलों को SLR, रायफल, BGL लॉन्चर, देशी हथियार और बड़ी संख्या में विभिन्न हथियारों के कारतूस मिले। इसके अलावा हैंड ग्रेनेड, विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री भी बरामद की गई।

बरामद सामान में 240 जिलेटिन स्टिक, बड़ी संख्या में BGL सेल, विभिन्न हथियारों के जिंदा राउंड, मैगजीन, गन पाउडर और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है। इसके अलावा वर्दी, बैग, कमर पाउच, सोलर प्लेट और दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की गई है।

इलाके में सर्चिंग और तेज

डंप बरामद होने के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया है। जवान इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि डंप को कब और किस स्थान से यहां लाकर छिपाया गया था।

पुलिस का कहना है कि बरामदगी नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में महत्वपूर्ण सफलता है। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की निगरानी और अभियान लगातार जारी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire