Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Raipur City News: रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: दो दिन में 143 वारंट तामील, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर: महेश साहू

Raipur City News: रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: दो दिन में 143 वारंट तामील, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार
X

Raipur City News: रायपुर: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में दो दिन तक चलाए गए विशेष वारंट तामीली अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर सोमवार और मंगलवार को सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला ने की। इस दौरान पुलिस टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार दबिश देकर लंबे समय से फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया।

143 वारंटों की हुई तामील

अभियान के दौरान कुल 143 वारंटों की तामील की गई। इनमें 86 स्थायी वारंट और 57 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। थाना सिविल लाइन में सबसे अधिक 37 वारंट तामील किए गए। इसके अलावा थाना गंज में 31, गोलबाजार में 22, तेलीबांधा में 18, मौदहापारा में 14, कोतवाली में 13 और देवेंद्रनगर में 8 वारंटों का निष्पादन किया गया। पुलिस ने परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 से जुड़े मामलों के वारंट भी प्रभावी ढंग से तामील किए।

अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित होता है और अपराधियों में कानून का भय बढ़ता है। ऐसे कई आरोपी दोबारा अपराध करने की आशंका रखते हैं, इसलिए उनकी गिरफ्तारी से अपराध की पुनरावृत्ति पर भी रोक लगेगी। इससे अपराधियों के नेटवर्क कमजोर होंगे और आम लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस का उद्देश्य न्यायालयों के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना और अपराधियों के खिलाफ त्वरित व प्रभावी कार्रवाई जारी रखना है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire