Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : सड़क पर दौड़ती बाइक बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

Raipur City News : सड़क पर दौड़ती बाइक बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
X

Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती हुई एक होंडा शाइन बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही सेकेंड में बाइक आग की लपटों से घिर गई, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाइक से छलांग लगा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक भाठागांव से तेलीबांधा की ओर जा रहा था। रास्ते में बाइक से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने तुरंत बाइक सड़क किनारे रोककर खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बाइक जलकर खाक हो गई। इस दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे धू-धूकर जलती बाइक दिखाई दे रही है। राहगीरों द्वारा बनाया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire