Raipur City News : राजधानी में फिर पकड़ाया बांग्लादेशी युवक, फर्जी भारतीय दस्तावेजों का शक, पासपोर्ट-आधार बरामद
संजय नगर से गिरफ्तारी, भारतीय पासपोर्ट से कई बार बांग्लादेश जाने का दावा; ATS और पुलिस दस्तावेजों की जांच में जुटी।

Raipur City News : रायपुर। राजधानी में संदिग्ध दस्तावेजों के साथ एक और बांग्लादेशी नागरिक के पकड़े जाने से सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर से पुलिस ने शेख रेहान नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उसके पास से भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड मिले हैं, जिनकी वैधता और तैयार होने की प्रक्रिया की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शेख रेहान वर्ष 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। लंबे समय से रायपुर में रह रहा रेहान संजय नगर में किराये के मकान में रहता था और मोटर मैकेनिक का काम करता था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को उसके मूल रूप से बांग्लादेश के पार्वतीपुर का निवासी होने की जानकारी मिली है।
पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि रेहान ने भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल कर 4 से 5 बार बांग्लादेश की यात्रा की। अब पुलिस इन यात्राओं के रिकॉर्ड, उनके उद्देश्य और पासपोर्ट से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस को आशंका है कि उसके पास मौजूद भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज फर्जी तरीके से तैयार कराए गए हो सकते हैं। ऐसे में जांच सिर्फ युवक तक सीमित नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दस्तावेज किस माध्यम से बनवाए गए और इसमें किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क की भूमिका थी या नहीं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ATS और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं।


