Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए NSUI ने उठाई आवाज, पांच सूत्रीय मांगों के साथ पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर: महेश साहू

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए NSUI ने उठाई आवाज, पांच सूत्रीय मांगों के साथ पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
X

रायपुर: रायपुर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही छात्र-छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा सामने आया है। इसी को लेकर NSUI रायपुर ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर स्कूलों की छुट्टी के समय नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है। संगठन का कहना है कि स्कूलों से छुट्टी के बाद कई स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे खासकर छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

'असामाजिक तत्वों से बढ़ रहा खतरा'

NSUI जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने कहा कि कई स्कूलों के बाहर छुट्टी के समय कुछ लोग समूह बनाकर खड़े रहते हैं और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणियां करते हैं। संकोच के कारण अधिकांश छात्राएं इसकी शिकायत न तो स्कूल प्रबंधन से करती हैं और न ही अपने परिवार को बताती हैं। ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने मांग की कि स्कूलों की छुट्टी के समय नियमित पुलिस पेट्रोलिंग हो और संदिग्ध लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में रखीं पांच प्रमुख मांगें

NSUI ने ज्ञापन में स्कूल सुरक्षा निगरानी समिति बनाने, संवेदनशील स्कूलों के बाहर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की तैनाती, छात्रों के लिए हेल्पलाइन, व्हाट्सएप और QR कोड आधारित शिकायत व्यवस्था शुरू करने की मांग की। इसके अलावा स्कूलों के 100 से 200 मीटर के दायरे में नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा हर महीने कार्रवाई की सार्वजनिक रिपोर्ट जारी करने की भी मांग की गई।

पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील

NSUI ने कहा कि इन कदमों से छात्र-छात्राएं सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकेंगे और अभिभावकों का भरोसा भी बढ़ेगा। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांगों पर जल्द कार्रवाई कर स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की। इस दौरान प्रदेश सचिव विशाल कुकरेजा, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत चंद्राकर, शिवांक सिंह, संयम सिंह, जिला महासचिव आशीष तिवारी, दिव्यांश श्रीवास्तव, अनुज सिंह, सुमित शुक्ला, कृष सहारे, करण सहित NSUI के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire