Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Kargil Vijay Diwas 2026 : रायपुर में कारगिल के अमर शहीदों को नमन, विजय शोभायात्रा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

Kargil Vijay Diwas 2026 : रायपुर में कारगिल के अमर शहीदों को नमन, विजय शोभायात्रा और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
X

Kargil Vijay Diwas 2026 : रायपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऑल इंडिया एक्स सर्विसमेन बैंक एम्प्लॉयी फेडरेशन (छत्तीसगढ़) और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं रसायन अध्ययनशाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर विजय शोभायात्रा को रवाना कर किया। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से निकली यह शोभायात्रा देशभक्ति गीतों और वाद्ययंत्रों की धुनों के साथ परिसर के विभिन्न मार्गों से होते हुए दीनदयाल ऑडिटोरियम पहुंची और पुनः विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुई।

इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा और सांस्कृतिक कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को याद किया गया। देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों और प्रेरक वक्तव्यों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल किया।

कार्यक्रम में AIEXBEF छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार राय, उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, रवि जायसवाल, रुद्र कुमार पाण्डेय, विशाल आनंद, राम किरपाल, राकेश कुमार सहित संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला, भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. डी.पी. बिसेन, प्रो. नमिता ब्रह्मे, डॉ. वाई.के. महिपाल, डॉ. चित्रकांत बेलोधिया, डॉ. इंद्रपाल करभाल तथा साइंस ब्लॉक के शिक्षक एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और शहीदों को सामूहिक श्रद्धांजलि के साथ हुआ।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire