IGKV Paper Leak : परीक्षा से 2 घंटे पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ प्रश्नपत्र, छात्रों ने जताया विरोध
सुबह 10 बजे होना था एंटोमोलॉजी का सेमेस्टर एग्जाम, छात्रों का दावा- 8 बजे ही सोशल मीडिया पर पहुंच गया पेपर; विश्वविद्यालय प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग.

IGKV Paper Leak : रायपुर। छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में सेमेस्टर परीक्षा से पहले कथित तौर पर प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। एंटोमोलॉजी का पेपर सुबह 10 बजे होना था, लेकिन छात्रों के मुताबिक सुबह करीब 8 बजे ही प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा।
पेपर वायरल होने की जानकारी सामने आते ही छात्रों के बीच हड़कंप मच गया। छात्रों ने मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई और जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि एंटोमोलॉजी विषय की सेमेस्टर परीक्षा निर्धारित समय पर आयोजित की जानी थी। परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही कथित प्रश्नपत्र के सोशल मीडिया पर सामने आने से परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
छात्रों का कहना है कि यदि वायरल हुआ प्रश्नपत्र वास्तविक परीक्षा का ही पेपर है, तो यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं, अब सभी की नजर विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से होने वाली कार्रवाई पर है।


