CG Weather News : छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में आज गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर, उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश के ज्यादा आसार, उमस से लोग बेहाल

CG Weather न्यूज़ : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने करवट ली है। बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद राहत मिलने के बजाय उमस और चिपचिपी गर्मी बढ़ गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है। इस सिस्टम के साथ 7.6 किलोमीटर तक फैला ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जिसका असर आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है।
बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में अब तक सामान्य से 30 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं, राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


