Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Weather News : छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, 3 दिन बारिश के आसार, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव के असर से बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट; उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा के आसार.

CG Weather News : छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, 3 दिन बारिश के आसार, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
X

CG Weather News : रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार सुबह से बादल छाए रहे और बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के चलते रायपुर की कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम होगा और मजबूत

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र अब अच्छी तरह से चिन्हित हो चुका है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (डिप्रेशन) में बदलने की संभावना है। इसी सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर समेत कई इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में भैसमा और लवन में सर्वाधिक 9-9 सेमी बारिश दर्ज की गई। ओडगी में 8 सेमी और कोटाडोल में 7 सेमी पानी बरसा। बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेमी, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में 3 सेमी तक बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में भी बारिश का असर

राजधानी में सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। रुक-रुककर हो रही बारिश से कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है। रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 28°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने और तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire