Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG Weather : छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले 7 दिन बारिश के आसार, 9 जिलों में यलो अलर्ट

उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों तक मध्यम से भारी बारिश के आसार, सुकमा समेत 9 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी।

CG Weather : छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, अगले 7 दिन बारिश के आसार, 9 जिलों में यलो अलर्ट
X

CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

बारिश के लिए बने अनुकूल मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्र में निम्नदाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है। उत्तरी ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं।

रायपुर में बदला मौसम का मिजाज

राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम विभाग ने 22 अगस्त को रायपुर में सामान्यतः बादल छाए रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में राजपुर और बिहारपुर में 4 सेमी, डोंगरगढ़ में 3 सेमी तथा जनकपुर-भरतपुर और दुर्ग में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कई स्थानों पर 1 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड हुई।

9 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire