Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG Suspended : रिश्वत मांगना पड़ा भारी, युवक से वसूली के आरोप में दो पुलिसकर्मी सस्पेंड, SP ने दिखाई सख्ती

CG Suspended : रिश्वत मांगना पड़ा भारी, युवक से वसूली के आरोप में दो पुलिसकर्मी सस्पेंड, SP ने दिखाई सख्ती
X

CG Suspended : कोरबा। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक ने कटघोरा थाने में पदस्थ दो आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पर एक युवक को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर कथित रूप से अवैध वसूली करने का आरोप लगा था। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, रजकम्मा निवासी 19 वर्षीय आर्यन ध्रुव ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया कि 3 अगस्त को कसनिया बायपास के पास पुलिसकर्मियों ने उसकी बाइक रोककर तलाशी ली। युवक के मुताबिक, बाइक की डिक्की में शराब मिलने के बाद आरक्षकों ने आबकारी केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देते हुए पहले एक लाख रुपये और बाद में 20 हजार रुपये की मांग की।



शिकायत में यह भी कहा गया कि पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही 10 हजार रुपये ले लिए और बाकी रकम मिलने तक मोटरसाइकिल अपने कब्जे में रखने की बात कही। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने पूरे मामले की जांच कटघोरा एसडीओपी को सौंपी। जांच रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर आरक्षक प्रदीप राठौर और रामधन पटेल को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिकायतकर्ता के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग मामला दर्ज होने के बावजूद, कानून का भय दिखाकर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली या अधिकारों का दुरुपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire