CG Accident : स्कूल बस की चपेट में आने से मासूम बच्ची की मौत, रिवर्स करने के दौरान हुआ हादासा, मुआवजे के आश्वासन पर खुला जाम
भाई को बस तक छोड़ने गई थी युवानसी, चालक हादसे के बाद बस छोड़कर फरार

CG Accident : मोहला-मानपुर। स्कूल बस की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। जिले के मानपुर ब्लॉक के ग्राम घोटिया में बुधवार सुबह स्कूल बस को रिवर्स करते समय उसकी चपेट में आने से 2 वर्षीय युवानसी नरेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, युवानसी अपने बड़े भाई को फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस तक छोड़ने परिजनों के साथ गई थी। इसी दौरान बस चालक ने पीछे का हिस्सा ठीक से देखे बिना वाहन रिवर्स किया, जिससे मासूम उसकी चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से बच्ची ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई व पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों से चर्चा की।
बैठक के दौरान पीड़ित परिवार को दो महीने के भीतर 5 लाख रुपये का मुआवजा देने के आश्वासन पर सहमति बनी, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पुलिस ने स्कूल बस को जब्त कर खड़गांव थाना परिसर में खड़ा कराया है। एडिशनल एसपी डी.सी. पटेल ने कहा कि मामले में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में मुआवजा नहीं मिलने पर स्कूल के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।


