Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : शिवनाथ नदी में बर्थडे मनाने गए दो किशोर बह गए, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

दुर्ग के 7-8 दोस्त छातागढ़ पहुंचे थे जन्मदिन मनाने, तीन महीने पहले भी इसी जगह हुई थी दो युवकों की मौत

CG News : शिवनाथ नदी में बर्थडे मनाने गए दो किशोर बह गए, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी
X

CG News : दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित छातागढ़ की शिवनाथ नदी एक बार फिर दर्दनाक हादसे की गवाह बनी है। जन्मदिन मनाने पहुंचे दोस्तों के समूह में शामिल दो किशोर नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गए। देर रात तक चले सर्च ऑपरेशन में एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग के उरला क्षेत्र से 7-8 किशोर अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए छातागढ़ पहुंचे थे। बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद शाम करीब 4 बजे दो किशोर शिवनाथ नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान तेज बहाव में दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में बहने लगे।

किनारे मौजूद एक अन्य दोस्त ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धारा के सामने उसकी कोशिश नाकाम रही। हादसे से घबराए बच्चों ने काफी देर तक अपने स्तर पर दोनों की तलाश की, लेकिन जब कोई सफलता नहीं मिली तो करीब तीन से साढ़े तीन घंटे बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। रात होने और सीमित संसाधनों के कारण बचाव कार्य में मुश्किलें आईं। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें रेहान (उरला निवासी) का शव बरामद कर लिया गया। दूसरे किशोर की तलाश लगातार जारी है।

यह वही स्थान है, जहां 19 अप्रैल को भी दो दोस्तों की नदी में डूबने से मौत हो गई थी। तीन महीने के भीतर एक ही जगह पर दोबारा हुए इस हादसे ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने और नहाने से बचें।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire