CG News : स्कूल में चौंकाने वाली घटना, 11वीं के छात्र ने 11 सहपाठियों को दांत से काटा
स्कूल में मची अफरा-तफरी, सभी छात्रों को एहतियातन लगा एंटी-रेबीज टीका, छात्र मेडिकल ऑब्जर्वेशन में

CG News : धमतरी। जिले के ग्राम सिलौटी स्थित एक शासकीय स्कूल में गुरुवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई। कक्षा 11वीं के एक छात्र ने अपने ही 11 सहपाठियों को अलग-अलग समय पर दांत से काट लिया। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, छात्र ने कुछ साथियों को मजाक में दांत से काटा, जबकि कुछ छात्रों को कबड्डी खेल के दौरान हुए विवाद के बाद काट लिया। देखते ही देखते यह मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया।
ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित छात्र को करीब तीन वर्ष पहले एक कुत्ते ने काटा था। इसके बाद गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस घटना को रेबीज से जोड़ने का कोई चिकित्सकीय आधार सामने नहीं आया है।
जिला अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट डॉ. आदित्य सिन्हा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला रेबीज की बजाय आक्रामक व्यवहार से जुड़ा प्रतीत होता है। पूछताछ में छात्र ने बताया कि उसने छह बच्चों को मजाक में और पांच बच्चों को कबड्डी खेलते समय विवाद होने पर काटा था।
एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने दांत से काटे गए सभी 11 छात्रों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई है। वहीं, संबंधित छात्र को विस्तृत जांच के लिए जिला अस्पताल में 24 घंटे के मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। डॉक्टर उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल छात्र की हालत सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कर रहे हैं ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।


