Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : चार दिन बाद मिला लात नाला में बही कार का सुराग, एक-दूसरे का हाथ थामे मिले पूर्व सरपंच दंपती के शव

CG News : चार दिन बाद मिला लात नाला में बही कार का सुराग, एक-दूसरे का हाथ थामे मिले पूर्व सरपंच दंपती के शव
X

CG News : सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में उफनते लात नाला में बही कार को चार दिन बाद आखिरकार खोज निकाला गया। कार के भीतर ग्राम घोटला बड़े के पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी के शव मिले। भावुक कर देने वाली बात यह रही कि दोनों के शव कार की पिछली सीट पर एक-दूसरे का हाथ थामे हुए मिले। इस दृश्य ने रेस्क्यू टीम और मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

रविवार शाम करीब 5:30 बजे लगातार बारिश के चलते माधोपली पुल के पास स्थित लात नाला उफान पर था। इसी दौरान पूर्व सरपंच अपनी पत्नी के साथ कार से नाला पार करने का प्रयास कर रहे थे। तेज बहाव के कारण कार अनियंत्रित होकर नाले में समा गई और पानी के साथ बह गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने तलाश शुरू कर दी, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव अभियान में बड़ी बाधा बने। अगले दिन से NDRF, SDRF और DDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना रहा।

जांच में पता चला कि कार हादसे के बाद करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक बह गई थी। तीन दिन तक वाहन और दंपती का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती रही।

पंजाब के गोताखोरों ने दिलाई सफलता

चौथे दिन पंजाब से आई निजी गोताखोर टीम को भी अभियान में शामिल किया गया। NDRF, SDRF और DDRF के साथ संयुक्त प्रयासों के बाद कई घंटे की मशक्कत के पश्चात नाले में डूबी कार का पता लगाया गया। क्रेन और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया, जिसमें पूर्व सरपंच और उनकी पत्नी के शव मिले।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी एजेंसियों, पुलिसकर्मियों, गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire