CG News : कराईगुट्टा के जंगल में माओवादियों का बड़ा हथियार और IED डंप बरामद, सुरक्षा बलों ने नाकाम की साजिश
CRPF, जिला पुलिस और BDS की संयुक्त कार्रवाई, विस्फोटक सामग्री सुरक्षित निष्क्रिय, सभी जवान सकुशल लौटे

CG News : जगदलपुर। माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। तेलंगाना के मुलुगु जिले के वाजेडू थाना क्षेत्र स्थित कराईगुट्टा पहाड़ियों के घने जंगल में छिपाकर रखा गया माओवादियों का हथियार और विस्फोटक (IED) डंप बरामद किया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त कर उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
खुफिया सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे 39वीं बटालियन CRPF, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDS) ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 8:30 बजे पामुनुरु गांव के उत्तर दिशा में कराईगुट्टा के जंगल में संदिग्ध स्थान से माओवादी डंप का पता चला।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने दो भरमार राइफल, 25 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन स्टिक, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, 12 वोल्ट बैटरी सहित IED बनाने में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान बरामद किया।
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। पूरे अभियान के दौरान किसी भी जवान को नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षा कर्मी सुरक्षित वापस लौट आए।


