Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : कांकेर के जंगलों में मिला नक्सलियों का डंप, IED, AK-47 की गोलियां और हथियारों का जखीरा बरामद

CG News : कांकेर के जंगलों में मिला नक्सलियों का डंप, IED, AK-47 की गोलियां और हथियारों का जखीरा बरामद
X

CG News : कांकेर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के हेटारकसा, पल्लाहुर और जपमारका के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का छिपाया गया डंप बरामद किया गया। यह इलाका कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा से सटा हुआ है, जहां लंबे समय से सुरक्षा बलों की विशेष निगरानी जारी है। अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम शामिल रही।

IED, बीजीएल लॉन्चर और AK-47 की गोलियां मिलीं

तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 3 किलोग्राम क्षमता का एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), एक बीजीएल लॉन्चर, AK-47 की 30 गोलियां, SLR की 4 गोलियां, दो पाइप बम और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की। सुरक्षा के मद्देनज़र बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही IED और पाइप बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

दंतेवाड़ा में आत्मसमर्पित नक्सली की निशानदेही पर बड़ी बरामदगी

इधर दंतेवाड़ा जिले में भी पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में अहम सफलता मिली। आत्मसमर्पण कर चुके एक नक्सली की सूचना पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने बारसूर थाना क्षेत्र के तोड़मा गांव के जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान जमीन के भीतर छिपाकर रखा गया एक ड्रम बरामद हुआ, जिसमें नक्सलियों का बड़ा डंप मिला।

हथियार, नकदी और अन्य सामग्री जब्त

ड्रम से हथियार, कारतूस, नकद राशि, सोने के बिस्किट और नक्सलियों के दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, इस डंप को बेहद गोपनीय तरीके से जमीन के भीतर छिपाया गया था ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचाया जा सके। बरामद सामग्री से नक्सल संगठन की गतिविधियों और उनके नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना है।

नक्सल विरोधी अभियान जारी

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है और नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान को और तेज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हाल के अभियानों में लगातार मिल रही सफलताएं नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire