Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : हाथी के हमले से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीण दहशत में

रायगढ़ के धरमजयगढ़ वन मंडल में जंगल से बस्ती के पास पहुंचे हाथी ने 60 वर्षीय ग्रामीण पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

CG News : हाथी के हमले से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीण दहशत में
X

CG News : रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के हमले से एक बुजुर्ग ग्रामीण की मौत हो गई। जंगल से निकलकर बस्ती के करीब पहुंचे हाथी का अचानक ग्रामीण से सामना हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज अंतर्गत ग्राम जमावीरा की है। जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी रतन गुप्ता उर्फ चंदन (60) शनिवार रात करीब 2 बजे किसी काम से घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान जंगल की ओर से एक हाथी बस्ती के नजदीक पहुंच गया। अंधेरे में अचानक हाथी और रतन का आमना-सामना हो गया।

हाथी ने रतन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद हाथी कुछ देर इलाके में रहने के बाद वापस जंगल की ओर चला गया।

ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

धरमजयगढ़ में 129 हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के शनिवार के रिकॉर्ड के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 129 हाथी मौजूद हैं। इनमें 38 नर, 59 मादा और 32 शावक शामिल हैं। हाथियों के अलग-अलग दल वन मंडल की विभिन्न रेंजों के जंगलों में घूम रहे हैं।

वहीं, बाकारूमा रेंज में फिलहाल 2 से 3 हाथियों के अलग-अलग विचरण करने की जानकारी सामने आई है। वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। इसके बावजूद जंगल से निकलकर हाथियों के बस्ती के करीब पहुंचने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

वन विभाग ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय जंगल या हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दे रहा है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire