Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : बस स्टैंड का रास्ता पूछकर बुजुर्ग महिला को बनाया शिकार, 2 लाख के गहने लेकर फरार हुए ठग

CG News : बस स्टैंड का रास्ता पूछकर बुजुर्ग महिला को बनाया शिकार, 2 लाख के गहने लेकर फरार हुए ठग
X

CG News : बिलासपुर। शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिर बदमाशों ने बातों में उलझाकर एक बुजुर्ग महिला से करीब दो लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने पहले मदद मांगने का नाटक किया, फिर सुरक्षा का हवाला देकर महिला का भरोसा जीता और नकली पोटली थमाकर मौके से फरार हो गए।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेहरू चौक की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी विद्या मोटवानी सब्जी खरीदने के लिए बृहस्पति बाजार जा रही थीं। इसी दौरान ऑटो में सवार दो युवकों ने उनसे बस स्टैंड जाने का रास्ता पूछा। बातचीत के बीच एक तीसरा युवक भी वहां आ गया और तीनों ने मिलकर महिला को अपने झांसे में ले लिया।

आरोपियों ने महिला से कहा कि खुलेआम सोने के गहने पहनकर चलना जोखिम भरा है और कभी भी चोरी या लूट हो सकती है। इसके बाद उन्होंने गहनों को कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। महिला ने उन पर भरोसा करते हुए अपने जेवर उनके हवाले कर दिए।

ठगों ने गहने बांधने का दिखावा किया और कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद जेवरों की जगह कागज की पोटली महिला को पकड़ा दी। इसके बाद महिला को ऑटो से उतारकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। जब पीड़िता ने पोटली खोली तो उसमें केवल कागज मिला। तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर मिलने वाले अनजान लोगों की बातों में न आएं और किसी भी स्थिति में अपने कीमती सामान या गहने किसी अपरिचित व्यक्ति को न सौंपें। थोड़ी सी सतर्कता बड़ी ठगी से बचा सकती है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire