Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CG News : छत्तीसगढ़ घूमने का प्लान है तो सावधान! फर्जी बुकिंग वेबसाइटों के जरिए ठगी का खतरा, पर्यटन बोर्ड ने जारी की एडवाइजरी

फर्जी वेबसाइट, बुकिंग लिंक और सोशल मीडिया पेज से बचने की अपील, पर्यटन बोर्ड ने कहा- भुगतान से पहले आधिकारिक माध्यम की जरूर करें पुष्टि

CG News : छत्तीसगढ़ घूमने का प्लान है तो सावधान! फर्जी बुकिंग वेबसाइटों के जरिए ठगी का खतरा, पर्यटन बोर्ड ने जारी की एडवाइजरी
X

CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर घूमने और पर्यटन सुविधाओं की ऑनलाइन बुकिंग करने वाले पर्यटकों के लिए जरूरी खबर है। पर्यटन बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े की शिकायतों को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को सतर्क रहने की अपील की है।

बोर्ड के मुताबिक, कुछ अनधिकृत वेबसाइट, फर्जी बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया पेज छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग उपलब्ध कराने का दावा कर रहे हैं। ऐसे माध्यमों के जरिए पर्यटकों से ऑनलाइन भुगतान कराकर ठगी की आशंका है।

सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से करें बुकिंग

पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पर्यटक पर्यटन स्थलों, आवासीय सुविधाओं और अन्य पर्यटन सेवाओं की बुकिंग के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट tourism.cgstate.gov.in का इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट, संदिग्ध लिंक, मोबाइल नंबर, विज्ञापन या सोशल मीडिया पेज के जरिए बुकिंग करने से बचने की सलाह दी गई है।

सस्ते ऑफर के नाम पर हो सकती है ठगी

साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम, लोगो, पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित कर सकते हैं। आकर्षक कीमतों पर होटल, पर्यटन आवास या पैकेज बुकिंग का झांसा देकर ऑनलाइन भुगतान कराया जा सकता है।

बोर्ड ने कहा है कि कम कीमत में बुकिंग, तत्काल भुगतान का दबाव या बेहद आकर्षक पैकेज मिलने पर विशेष सावधानी बरतें। किसी निजी खाते या संदिग्ध भुगतान माध्यम पर पैसे ट्रांसफर न करें।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire