CG News : छोटे भाई को डूबता देख बहन ने लगाई छलांग, दोनों की मौत, स्वतंत्रता दिवस के अगले दिन छाया मातम
मोहला-मानपुर के औंधी गांव में डबरी में डूबे 6 वर्षीय भाई और 12 वर्षीय बहन, एक दिन पहले ही दोनों ने मनाया था स्वतंत्रता दिवस समारोह

CG News : मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के औंधी गांव में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। पानी से भरे डबरी नुमा गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 6 वर्षीय भाई को डूबता देख 12 वर्षीय बहन उसे बचाने पानी में उतरी, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक जीवन तिर्की के बच्चे सृष्टि तिर्की (12) और एलेक्स तिर्की (6) खेत के पास खेल रहे थे। इसी दौरान एलेक्स पानी से भरे गड्ढे में चला गया और डूबने लगा। भाई को मुसीबत में देख सृष्टि ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। गहराई अधिक होने के कारण दोनों पानी में डूब गए।
घटना के दौरान परिवार के कुछ सदस्य पास के खेत में मौजूद थे, लेकिन जब तक उन्हें हादसे की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
सृष्टि कक्षा छठवीं और एलेक्स कक्षा पहली में पढ़ता था। खास बात यह है कि दोनों ने एक दिन पहले ही 15 अगस्त के कार्यक्रम में उत्साह के साथ हिस्सा लिया था। अगले ही दिन हुए इस हादसे से परिवार और गांव में मातम पसर गया।
औंधी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नवल साव ने घटना की पुष्टि की है। लगातार बारिश के चलते दोनों शवों का पोस्टमार्टम 17 अगस्त को किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


