Top
Begin typing your search above and press enter to search.

CG News : बस्तर के 92 गांवों में पहली बार फहरेगा तिरंगा, 500 से ज्यादा स्कूल-चौराहे होंगे शहीदों के नाम

नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर के 92 गांवों में स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार लहराएगा राष्ट्रीय ध्वज, रायपुर में 10 अगस्त को मरीन ड्राइव से निकलेगी तिरंगा यात्रा

CG News : बस्तर के 92 गांवों में पहली बार फहरेगा तिरंगा, 500 से ज्यादा स्कूल-चौराहे होंगे शहीदों के नाम
X

CG News : रायपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले छत्तीसगढ़ में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान की व्यापक तैयारी की गई है। इस अभियान के तहत बस्तर संभाग के उन 92 गांवों में पहली बार तिरंगा फहराया जाएगा, जहां नक्सल हिंसा के दौर में आजादी के बाद से राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जा सका।

इन गांवों में बीजापुर के 33, सुकमा के 50 और नारायणपुर के 9 गांव शामिल हैं। इसके अलावा बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्कूलों, प्रमुख चौराहों और सामुदायिक भवनों का नामकरण अमर शहीदों के नाम पर किए जाने की योजना है।

संवेदनशील इलाकों को तिरंगा यात्रा से जोड़ने की तैयारी

उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान अभियान की रूपरेखा साझा की। विजय शर्मा ने बताया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के आयोजनों के दौरान बस्तर के कई दूरस्थ गांवों में तिरंगा फहराया गया, जहां पहले कभी राष्ट्रध्वज नहीं लहराया था।

इस बार अभियान का दायरा और बढ़ाया जा रहा है। पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील इलाकों को भी तिरंगा यात्रा के माध्यम से जोड़ने की तैयारी है। भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता स्थानीय युवाओं के साथ बाइक रैली निकालेंगे।

10 अगस्त को रायपुर में निकलेगी तिरंगा यात्रा

राजधानी रायपुर में 10 अगस्त को सुबह 10 बजे मरीन ड्राइव से तिरंगा यात्रा शुरू होगी। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद-विधायक समेत विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाएं, धर्माचार्य और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

प्रदेश की 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों के अलावा बड़े गांवों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में भी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति से जोड़ने के साथ संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। प्रेस वार्ता में तिरंगा अभियान के प्रदेश प्रभारी यशवंत जैन भी मौजूद रहे।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire