Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City Crime : महिला की हत्या और मारपीट के दो मामलों का खुलासा, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार

मुजगहन पुलिस ने 8 से अधिक टीमों के साथ सैकड़ों CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी को दबोचा; आरोपी पहले भी महिला संबंधी मामलों में जेल जा चुका है और 10 साल की सजा काट चुका है.

Raipur City Crime : महिला की हत्या और मारपीट के दो मामलों का खुलासा, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी गिरफ्तार
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और एक अन्य महिला से मारपीट के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। संयुक्त जांच में पुलिस ने देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था और साइकिल से उनका पीछा करता था।

8 से ज्यादा टीमों ने खंगाले सैकड़ों CCTV फुटेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन थाना पुलिस की 8 से अधिक टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने दोनों घटनास्थलों और आसपास के रास्तों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही संदिग्धों की गतिविधियों, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की गई।

पानी से भरे प्लॉट में मिला था महिला का शव

21 जुलाई 2026 को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने महिला का पीछा करने, उसके साथ दुष्कर्म करने और बाद में उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने महिला का गला दबाया और उसके मुंह-नाक को पानी में डुबोकर उसकी जान ले ली। इसके बाद वह महिला का मोबाइल लेकर साइकिल से फरार हो गया।

दूसरी महिला पर भी किया था हमला

पुलिस के मुताबिक 5 अगस्त की रात सेजबहार में एक महिला घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसका पीछा किया, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। महिला को नाली में धक्का देकर उसके साथ मारपीट की गई। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने दोनों मामलों को जोड़कर जांच की और आरोपी तक पहुंचने के लिए CCTV फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों का इस्तेमाल किया।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी महिला संबंधी मामलों में जेल जा चुका है। मुजगहन थाने में वर्ष 2017 में दर्ज दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के मामले में अदालत ने उसे 10 साल के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा टिकरापारा थाने में वर्ष 2025 में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

मोबाइल, साइकिल और कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतिका का मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल साइकिल और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire