Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City Crime : ‘मुझे घर जाना है...’ बहन से आखिरी गुहार के अगले दिन मिली मौत की खबर, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का केस

रायपुर के बोरियाकला में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत। बहन की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज, युवक हिरासत में

Raipur City Crime : ‘मुझे घर जाना है...’ बहन से आखिरी गुहार के अगले दिन मिली मौत की खबर, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का केस
X

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के शरीर और गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के साथ रह रहे युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान भारती नेताम (19) के रूप में हुई है, जो कांकेर जिले के कोकपुर गांव की रहने वाली थी। वह रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। पिछले छह से सात महीनों से वह कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ किराए के मकान में रह रही थी।

मृतका की बड़ी बहन देविका नेताम ने पुलिस को बताया कि सावंत को भारती पर किसी अन्य युवक से बातचीत करने का शक था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। बहन के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भारती ने फोन कर कहा था कि उसके साथ फिर मारपीट हुई है और वह घर लौटना चाहती है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद देविका ने उसके खाते में ऑनलाइन 3 हजार रुपये भेजे थे।

4 अगस्त की रात परिवार को सूचना मिली कि भारती को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अगले दिन परिजन रायपुर पहुंचे, जहां शव पर चोट के निशान देखकर उन्होंने हत्या की आशंका जताई।

पुलिस जांच में छात्रा की बाईं आंख के नीचे, गर्दन के पीछे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। गले पर भी चोट के निशान पाए जाने के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई।

बहन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य संदेही सावंत बघेल से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire