Raipur City Crime : होटल के कमरे में प्रेमिका की चाकू मारकर हत्या, फिर प्रेमी ने खुद का गला रेता, हालत गंभीर
गंज थाना क्षेत्र के होटल बंसल पैराडाइज में वारदात, युवती की मौके पर मौत; गंभीर घायल युवक अस्पताल में भर्ती, CCTV और अन्य साक्ष्यों से जांच में जुटी पुलिस

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शुक्रवार दोपहर प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद सनसनीखेज वारदात सामने आई। झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के कमरा नंबर 401 में युवती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद युवक ने अपना गला काटकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चीख सुनकर होटल कर्मचारियों को हुआ शक
जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त को कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मंडावी ने होटल के कमरा नंबर 401 में चेक-इन किया था। दोनों ने पहचान पत्र के आधार पर होटल में प्रवेश किया था। दोपहर करीब 3ः30 से 3ः45 बजे के बीच कमरे से युवती के चीखने की आवाज सुनाई दी। होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति संदिग्ध लगने पर कर्मचारियों ने खिड़की तोड़कर अंदर देखने की कोशिश की।
खिड़की से दिखा खौफनाक मंजर
होटल कर्मचारियों के मुताबिक, कमरे के अंदर युवती गंभीर हालत में पड़ी थी, जबकि युवक चाकू से अपना गला काट रहा था। इससे पहले युवती पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वाराणसी का युवक, मोहला-मानपुर की युवती
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान कृष्ण कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले का निवासी बताया गया है। वहीं युवती रिमन मंडावी मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच संबंध क्या थे और होटल के कमरे में विवाद किस बात को लेकर हुआ।
सीसीटीवी और कमरे से मिले साक्ष्यों की जांच
घटना के बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। होटल में लगे सीसीटीव कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कमरे से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों रायपुर कब पहुंचे, होटल में साथ आने से पहले कहां मिले थे और घटना से ठीक पहले उनके बीच क्या बातचीत हुई थी। फिलहाल वारदात की वजह स्पष्ट नहीं है। घायल युवक के बयान और पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।


